नरसिंहपुर! 18 मई 2026
दिनांक 17 मई को हुआ घेराव नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में युवती के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में गाडरवारा थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 4 अप्रैल को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली युवती अब तक वापस नहीं लौटी है। मामले को “लव जिहाद” से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं ने बैरागढ़ निवासी अरशद खान उर्फ असहान खान पर संदेह जताया। उनका कहना है कि पुलिस को नाम और जानकारी देने के बावजूद अब तक न तो युवती का पता लगाया जा सका है और न ही संबंधित युवक का नाम एफआईआर में जोड़ा गया।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर थाने का घेराव किया तथा परिसर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई और युवती की सुरक्षित बरामदगी की मांग की गई।
प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच जारी होने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








