नरसिंहपुर। 15 अक्टूबर 2026 नवरात्रि पर्व के समापन के बाद दशहरा पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रम के स्थल को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है। जाट महासभा द्वारा आयोजित किए जाने वाले रावण दहन कार्यक्रम का स्थान बदलकर अब स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर निर्धारित किया गया है। पहले यह कार्यक्रम चर्च ग्राउंड में आयोजित होना प्रस्तावित था।
जानकारी के अनुसार, चर्च ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर एट्रो टर्फ का हवाला देते हुए प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया।
जाट महासभा की ओर से पहले ही चर्च ग्राउंड का उल्लेख करते हुए निमंत्रण कार्ड भी छपवाए जा चुके थे।
इसी मामले को लेकर 14 अक्टूबर को जाट महासभा का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिलने पहुंचा था। अब रावण दहन कार्यक्रम स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित होगा।
दोनों मंत्रियों के समन्वय को लेकर चर्चाएं
कार्यक्रम स्थल में बदलाव के बाद शहर में राजनीतिक गलियारों और आमजन के बीच दोनों मंत्रियों के आपसी समन्वय तथा समर्थकों की भूमिका को लेकर चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, कार्यक्रम स्थल में बदलाव को दोनों मंत्रियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जोड़ने संबंधी चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब सभी की नजरें दशहरा के दिन होने वाले रावण दहन कार्यक्रम पर रहेंगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि कार्यक्रम में कौन-कौन जनप्रतिनिधि और समर्थक शामिल होते हैं तथा आयोजन किस प्रकार संपन्न होता है।








