*”किसानों का अल्टीमेटम! 1 हफ्ते में मांगें पूरी करो, नहीं तो भोपाल तक ट्रैक्टर मार्च | पोलखोल”*

 

नरसिंहपुर। 7  जुलाई 2026 किसान मजदूर महासंघ ने किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर समाधान की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर भोपाल तक अनिश्चितकालीन धरना, ट्रैक्टर मार्च, घेराव और चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषिराज पटेल और संभाग उपाध्यक्ष कमल सिंह लोधी ने बताया कि प्रदेश में खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल बंद करने, खाद की बढ़ी हुई कीमतें कम करने और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

 

महासंघ ने समर्थन मूल्य पर मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी, खरीदी केंद्रों और वेयरहाउस की संख्या बढ़ाने, तौल कांटे व बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग रखी है। इसके अलावा बरगुंवा स्थित आर.आर. एग्रो खांडसारी मिल द्वारा किसानों का वर्षों से लंबित 4 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान ब्याज सहित कराने तथा जिले में नहरों के रखरखाव के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

 

महासंघ का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश के किसानों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश शासन की होगी।

 

देखिए किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषिराज पटेल और संभाग उपाध्यक्ष कमल सिंह लोधी ने क्या कहा… सिर्फ़ पोलखोल पर।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!