*पोलखोल: PM आवास बनने से पहले मचा बवाल! दर्शक द्वारा भेजी शिकायत में ग्राम कोटवार पर गंभीर आरोप!*

नरसिंहपुर, 7 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले की ग्राम पंचायत बसेड़ी के ग्राम सुरगी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यह जानकारी पोलखोल न्यूज़ को एक दर्शक द्वारा उपलब्ध कराई गई शिकायत के आधार पर सामने आई है।

शिकायतकर्ता सपना गोंड ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की स्वीकृति मिली है, लेकिन पिछले लगभग एक वर्ष से ग्राम की कोटवार तिब्बो बाई उनके मकान निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न कर रही हैं।

आवेदन के अनुसार, जिस स्थान पर मकान का निर्माण किया जा रहा है, उसे कोटवार अपना बताते हुए निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माणाधीन दीवार को तीन बार गिराया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा दोबारा निर्माण कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कोटवार ने अपनी बेटी-दामाद के लिए शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनवाया है और सार्वजनिक नल की जगह पर भी कब्जा कर लिया है, जिससे ग्रामीणों को पानी भरने में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सरकारी भूमि को निजी भूमि बताकर विवाद उत्पन्न किया जा रहा है।

आवेदन में आगे दावा किया गया है कि पानी भरने के दौरान हुए विवाद में शिकायतकर्ता के साथ दोबारा मारपीट की गई। उनका कहना है कि इस घटना के वीडियो स्थानीय लोगों के पास मौजूद हैं। साथ ही उनके पति को जेल भिजवाने की धमकी देकर गांव से भगा देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके मकान का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। आवेदन पर गांव के 18 लोगों के हस्ताक्षर होने का भी उल्लेख किया गया है।

पोलखोल न्यूज़ स्पष्ट करता है कि यह समाचार दर्शक द्वारा उपलब्ध कराई गई शिकायत एवं पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन पर आधारित है। समाचार में उल्लेखित सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं।

पोलखोल न्यूज़ इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस एवं प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि संबंधित पक्ष अपना पक्ष रखना चाहता है, तो पोलखोल न्यूज़ उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!