*संबल योजना में कूटरचना का आरोप, विधवा ने पुलिस अधीक्षक से FIR दर्ज करने की मांग की!”*

नरसिंहपुर। 10  जून 2026  जिले से  ग्राम चिनकी निवासी आशा बाई श्रीवास्तव ने संबल योजना के तहत मिलने वाली ₹2 लाख की अनुग्रह सहायता राशि रोकने के लिए दस्तावेजों में कथित कूटरचना किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन देकर ग्राम पंचायत सचिव एवं पटवारी के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की है।

 

आशा बाई के अनुसार उनके पति स्वर्गीय महेन्द्र सिंह श्रीवास्तव का निधन 4 अक्टूबर 2025 को हुआ था। उन्होंने मृत्यु के कुछ दिनों बाद ही संबल योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज ग्राम पंचायत में जमा कर दिए थे। उनका कहना है कि वे निरक्षर हैं और उन्हें लंबे समय तक प्रकरण में हुई कथित गड़बड़ियों की जानकारी नहीं थी।

 

पीड़िता के अनुसार 8 मई 2026 को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों की जांच करने पर उन्हें मामले में हेराफेरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने 18 मई 2026 को प्रथम अपील भी प्रस्तुत की।

 

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबल योजना के प्रमाण पत्र में मृत्यु के लगभग दो माह बाद हाथ से “2.06 हेक्टेयर भूमि” संबंधी टिप्पणी जोड़ दी गई, जिसके आधार पर उन्हें योजना के लिए अपात्र बताया गया। वहीं, संबल योजना की चेकलिस्ट में भी कथित रूप से गलत तथ्य दर्ज किए गए।

 

आशा बाई का यह भी आरोप है कि RTI के जवाब में उपलब्ध कराए गए दस्तावेज मूल दस्तावेजों से भिन्न हैं। उनके अनुसार मूल प्रमाण पत्र में मौजूद हस्तलिखित टिप्पणी RTI में दी गई प्रति से गायब है, जिससे दस्तावेज बदलने और तथ्य छिपाने की आशंका उत्पन्न होती है।

 

उन्होंने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि CM हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 38193794 के निराकरण में विभाग द्वारा स्वयं यह स्वीकार किया गया कि संबंधित 2.06 हेक्टेयर भूमि परशोत्तम श्रीवास्तव के नाम दर्ज है तथा स्व. महेन्द्र सिंह श्रीवास्तव के नाम कोई भूमि नहीं है। राजस्व अभिलेखों में भी भूमि ससुर के नाम दर्ज होना बताया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि सचिव एवं पटवारी ने मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए, जिसके कारण उन्हें शासन की ₹2 लाख की सहायता राशि से वंचित होना पड़ा। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 335, 336, 318(4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल मामले में प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर जांच की मांग की गई है। पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!