नरसिंहपुर/गाडरवारा। 10 जुलाई 2026 जिले के चीचली थाना क्षेत्र के ग्राम दिघौरी निवासी एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, प्रताड़ना और जबरन दवा खिलाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में महिला आरती कौरव (30) ने बताया कि उसका विवाह करीब 15 वर्ष पहले गजेन्द्र कौरव से हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति के देवरानी के साथ अवैध संबंध हैं और विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता है।
आवेदन के अनुसार, 29 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे पति घर पहुंचे और कथित रूप से दवा खाने को लेकर विवाद करने लगे। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने गाली-गलौज करते हुए उसके बाल पकड़कर मारपीट की। इसके बाद देवर, देवरानी और सास भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि बाद में उसे कमरे में बंद कर दिया गया।
महिला ने शिकायत में सिर और पीठ में चोट लगने की बात बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में एक व्यक्ति को घटना का प्रत्यक्षदर्शी भी बताया गया है!
(नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्रकाशित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।)








