नरसिंहपुर। 18 सितम्बर 2026 बैंक ऑफ इंडिया शाखा नरसिंहपुर में 18 सितंबर को केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजनों एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और भ्रष्टाचार से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, म्यूल अकाउंट, मनी लॉन्ड्रिंग, ओटीपी शेयरिंग, रिश्वतखोरी और फर्जी लिंक से होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जबलपुर आंचलिक कार्यालय से मुख्य प्रबंधक, सतर्कता विभाग धीरज महाराज, शाखा प्रबंधक सुशांत डोंगरे और एसकेव्हीके प्रबंधक रूपेश कुमार सहित आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रबंधक सतीश साहू एवं स्व-सहायता समूहों की बड़ी संख्या में दीदियां मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने लोगों से साइबर ठगी या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल सतर्क रहने और संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों को सतर्क एवं जागरूक बनाकर साइबर अपराध और भ्रष्टाचार की रोकथाम में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना रहा।








