नरसिंहपुर। 21 सितम्बर 2026 शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरगांव नर्मदा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य छोटेलाल पटैल ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ इस तरह के रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, निबंध लेखन एवं विज्ञान प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, मां नर्मदा के संरक्षण एवं विभिन्न सामाजिक सरोकारों से संबंधित आकर्षक मॉडल और चार्ट तैयार कर प्रदर्शित किए।
अतिथियों भारत पटैल, सुनील नोरिया एवं जुम्मन खान सहित शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर शाला की प्रभारी प्रधानपाठक सविता ठाकुर, माध्यमिक शिक्षक आशीष शर्मा, खेमचंद मांडवे, अतिथि शिक्षिका श्रद्धा अग्रवाल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पीतम नौरिया सहित समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








