*नरसिंहपुर: 5 दिन से लापता युवक का सुराग नहीं, पावर हाउस के पास मिली बाइक और चप्पल; परिजनों ने SP से लगाई गुहार!*

नरसिंहपुर। 19 सितम्बर 2026 पलोहा बड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खकरिया निवासी एक युवक के लापता होने के पांच दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवक की बाइक और चप्पलें ग्राम भटेरा स्थित पावर हाउस के पास लावारिस हालत में मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। शनिवार को युवक के पिता परिजनों और ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और बेटे की तलाश तेज कराने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, खकरिया निवासी लाखन गुर्जर ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र तरबर गुर्जर 14 सितंबर 2026 को अपनी मां उत्तर बाई को उनके मायके ग्राम गुर्जरखेड़ा, गाडरवारा छोड़ने गया था। उसी रात करीब 8:30 बजे वह वहां से अपने घर खकरिया लौटने के लिए निकला था। रात में परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अगले दिन 15 सितंबर को उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा।

परिजनों के अनुसार, जब उसकी मां वापस घर पहुंचीं तो पता चला कि तरबर रात में ही वहां से निकल चुका था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने पलोहा बड़ा थाने में मामले की सूचना देकर उसकी तलाश शुरू कराई।

प्राथमिक तलाश के दौरान ग्राम भटेरा में पावर हाउस के समीप तरबर की दोपहिया वाहन क्रमांक MP49 ZF 8365 और उसकी चप्पलें लावारिस हालत में मिलीं। बाइक और चप्पल मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

परिजनों का आरोप है कि वाहन और चप्पल मिलने के बावजूद मामले में अपेक्षित तेजी से कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए युवक की जल्द सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।

 

शनिवार, 19 सितंबर 2026 को युवक के पिता लाखन गुर्जर ने परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा। उन्होंने एसपी से मामले की गंभीरता से जांच कराने और संबंधित पुलिस अधिकारियों को युवक की तलाश के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।

फिलहाल युवक के लापता होने के कारणों और उसके ठिकाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर! 20 सितम्बर 2026 नगर पालिका नरसिंहपुर द्वारा 20 सितम्बर रविवार को पॉलीथिन के उपयोग एवं गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तंबाकू उत्पादों को पॉलीथिन में पैक कर बेचने वाले थोक एवं फुटकर व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका की टीम ने संबंधित दुकानों से पॉलीथिन में पैक किए गए तंबाकू उत्पादों को जब्त किया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना और पॉलीथिन के उपयोग को रोकना है। अधिकारियों ने व्यापारियों से नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की अपील की है।

error: Content is protected !!