नरसिंहपुर ! 25 मई 2026
नरसिंहपुर जिले के ग्राम बागपौंडीहार में कृषि कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार कहानी निवासी 25 वर्षीय गोविंद नाथ पिता कंचन नाथ, ग्राम बागपौंडीहार में केदार नामक व्यक्ति के खेत में पिछले तीन वर्षों से कार्यरत था।
बताया गया कि 25 मई की सुबह खेत में कृषि कार्य करते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे गोविंद नाथ करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना के समय खेत मालिक का साला भी मौके पर मौजूद था। सूचना मिलने पर 112 वाहन की मदद से युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां आवश्यक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह घटना कृषि कार्य के दौरान सुरक्षा सावधानियों की अहमियत को एक बार फिर सामने लाती है। खेतों में बिजली लाइनों के आसपास काम करते समय विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
कृषि कार्य करते समय बिजली लाइन, लोहे के उपकरण और खुले विद्युत स्रोतों से विशेष सावधानी रखें।








