*Top 7 News | 18 जुलाई 2026 | कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, 14 थानों को ISO, डंपर में भीषण आग | नरसिंहपुर!*

नरसिंहपुर! 18 जुलाई 2026

खबर नंबर-1
जनसुनवाई में शराब पीकर पहुंचे कर्मचारी पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई

नरसिंहपुर कलेक्टर रजनी सिंह ने शासकीय कार्य में लापरवाही और जनसुनवाई के दौरान शराब के नशे में उपस्थित होकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले सहायक ग्रेड-03 राघवेन्द्र कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार जनसुनवाई के दौरान उनके व्यवहार पर संदेह होने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय चांवरपाठा निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

खबर नंबर-2
चलते डंपर में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
स्टेट हाईवे-22 पर पिपरिया-गाडरवारा मार्ग के नादनेर के पास एक चलते डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के कारण हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

 

 

खबर नंबर-3
मजदूरों से भरी पिकअप हादसे का शिकार, कई घायल
छिंदवाड़ा जिले के हर्रई क्षेत्र से मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप नरसिंहपुर जिले के खमतरा पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में कई मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कुछ के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल नरसिंहपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबर नंबर-4
सालीचौका में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल, डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान
सालीचौका का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहा है। पिछले एक महीने से नियमित डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद गाडरवारा या जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। इतना ही नहीं, किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पोस्टमार्टम के लिए भी करीब 20 किलोमीटर दूर गाडरवारा ले जाना पड़ता है। चीचली, बारहाबड़ा और शाहपुर क्षेत्र भी इस समस्या से प्रभावित हैं। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग की है।

 

खबर नंबर-5
नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 14 थानों को मिला ISO सर्टिफिकेट
शनिवार का दिन नरसिंहपुर पुलिस के लिए गौरवपूर्ण रहा। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के नेतृत्व में जिले के 14 पुलिस थानों को ISO सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में इंडियन कॉफी हाउस का भी शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने इसे पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

खबर नंबर-6
बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य ने किया निरीक्षण
मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना गुप्ता ने जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न शासकीय और अशासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थाओं में बच्चों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। निर्धारित कार्यक्रम के बाद वे शाम को जबलपुर के लिए रवाना हो गईं।

 

खबर नंबर-7
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर रजनी सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आरसीएमएस, गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री, भू-अर्जन, अतिक्रमण, सीएम हेल्पलाइन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का शीघ्र और प्रभावी समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

 

फिलहाल इतना ही। ऐसी ही जिले और प्रदेश की हर छोटी-बड़ी, सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिए पोल खोल न्यूज़ के साथ। अगर वीडियो पसंद आया हो तो इसे लाइक करें, अपने दोस्तों के साथ शेयर करें और चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें। नमस्कार।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!