नरसिंहपुर। 17 सितम्बर 2026 करेली तहसील के ग्राम आमगांव बड़ा निवासी 25 वर्षीय महिला आरती प्रजापति ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर से शिकायत की है शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 29 जुलाई 2026 को प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख है।
शिकायत के अनुसार, आवेदिका का विवाह 19 जून 2020 को हुआ था।
उसका करीब दो वर्षीय पुत्र शिवांश है। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था तथा आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। महिला ने बताया कि माता-पिता को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के कारण उसने लंबे समय तक यह बात मायके वालों को नहीं बताई।
महिला ने शिकायत में पति के अलावा ससुराल पक्ष की तीन महिलाओं पर भी पति को उसके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, पति द्वारा मारपीट करने के बाद बीमारी की स्थिति में उसे मायके छोड़ दिया जाता था।
शिकायत में महिला ने 26 मई 2024 की घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पति ने उसके साथ मारपीट की और गर्दन पकड़कर गैस के ऊपर पटक दिया। महिला के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले गोपाल नामक व्यक्ति ने उस समय उसकी जान बचाई, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।
इसके बाद 7 जून 2024 की घटना को लेकर महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा पति को उसके खिलाफ भड़काया गया, जिसके बाद पति चाकू लेकर उसे मारने दौड़ा और उसके साथ मारपीट की। महिला के अनुसार, उसने मायके फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने लेकर गई, जहां से उसका भाई उसे उसके पुत्र सहित आमगांव बड़ा स्थित मायके ले आया।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: शिकायत में लगाए गए आरोप आवेदिका के कथनों पर आधारित हैं।
मामले में पुलिस की जांच एवं आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








