नरसिंहपुर ! 26 मई 2026
बरमान। बरमान के नये सतधारा पुल के पास वर्षों से प्रसाद, चाय-नाश्ता एवं अन्य छोटी दुकानें लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहीं गरीब महिलाएं और कुछ पुरुष दुकानदार मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। दुकानदारों ने अपनी समस्या बताते हुए प्रशासन से रोजगार बचाने की मांग की।
दुकानदार महिलाओं ने बताया कि कुछ दिन पहले NHAI प्रशासन द्वारा मौखिक रूप से दुकानें हटाने के निर्देश दिए गए थे। उनका कहना है कि सोमवार 25 मई को तय समय सीमा के दौरान अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रभावित लोगों में एक दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल बताया जा रहा है।
मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे दुकानदारों ने कलेक्टर रजनी सिंह को आवेदन सौंपकर अपनी आजीविका बचाने की मांग की। जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने आवेदन को आगे कार्रवाई के लिए तहसीलदार करेली को पुटअप कर दिया है।
दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से छोटे व्यापार के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और प्रशासन उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। वहीं इस पूरे मामले को पोलखोल द्वारा लगातार प्रमुखता से उठाया जा रहा है।








