नरसिंहपुर ! 26 मई 2026
गाडरवारा। राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ, जिला नरसिंहपुर द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम गाडरवारा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की गई है।
संघ ने जिले में घरेलू और कृषि क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती और मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद किए जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार की मांग की। साथ ही बनखेड़ी क्षेत्र में एक किसान के साथ विद्युत विभाग के अधिकारी द्वारा कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में वर्ष 2026 में मूंग और उड़द की 100 प्रतिशत MSP पर खरीद सुनिश्चित करने तथा मूंग खरीदी की तारीख जल्द घोषित करने की मांग की गई। वहीं वेयरहाउस में क्षमता की कमी के कारण गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट नहीं मिलने वाले किसानों को दोबारा स्लॉट उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
किसान मजदूर संघ ने ई-टोकन प्रणाली से खाद वितरण में आ रही समस्याओं को दूर करने, गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारू करने तथा चिंकी-बोरास बैराज परियोजना में छूटे गांवों को शामिल करने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।
संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन जल्द इन मांगों पर उचित कदम नहीं उठाते हैं तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








