नरसिंहपुर ! 22 मई 2026
करेली। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त साधना स्थापक ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल करेली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
साधना स्थापक ने ओपीडी, हाई रिस्क प्रेगनेंसी क्लिनिक (एचआरपी), एएनसी वार्ड, लेबर रूम, चाइल्ड वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), टीकाकरण कक्ष, दवा स्टोर, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई तथा किचिन सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने रोगी कल्याण समिति के कार्यों एवं अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति की समीक्षा की। एएनसी वार्ड में भर्ती महिलाओं से चर्चा कर भोजन की गुणवत्ता, समय पर उपलब्धता एवं उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं एनआरसी वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान साधना स्थापक ने अस्पताल की किचिन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता को परखा। साथ ही दवा वितरण केंद्र पहुंचकर जीवन रक्षक दवाओं सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
इस दौरान बीएमओ डॉ. विनय ठाकुर, अस्पताल प्रबंधक डॉ. ओम बरोदिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राधेश्याम वर्मा, मोहनकांत गुर्जर, आदित्य शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








