नरसिंहपुर! 10 जून 2026
नरसिंहपुर। जिले से बरमान कला निवासी बुजुर्ग महिला लक्ष्मी पाल पिछले कई वर्षों से अपनी खरीदी गई भूमि की राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रही थीं। महिला के पास वर्ष 2006 में खरीदे गए प्लॉट की रजिस्ट्री सहित सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं, लेकिन फौती दर्ज नहीं हो पाने के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी पाल अपनी समस्या को लेकर दो बार जनसुनवाई में पहुंचीं। 9 जून मंगलवार को नरसिंहपुर में आयोजित जनसुनवाई में भी उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। वहां उन्हें करेली तहसीलदार से संपर्क करने की सलाह दी गई।
जनसुनवाई से लौटने के बाद बुजुर्ग महिला अपनी समस्या लेकर पोलखोल न्यूज़ के पास पहुंचीं। मामले को समझने के बाद पोलखोल टीम ने तत्काल करेली तहसीलदार पारस मिश्रा से लाइव फोन पर चर्चा की। बातचीत के दौरान तहसीलदार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि मां जी को करेली भेज दिया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नायब तहसीलदार को निर्देश देकर दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार फौती दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तहसीलदार के इस आश्वासन से बुजुर्ग महिला के चेहरे पर राहत और उम्मीद दिखाई दी। वर्षों से अपनी समस्या के समाधान की प्रतीक्षा कर रहीं लक्ष्मी पाल को अब जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद है।
पोलखोल न्यूज़ का मानना है कि जनता की हर समस्या महत्वपूर्ण है। चाहे मामला छोटा हो या बड़ा, आम नागरिक की आवाज प्रशासन तक पहुंचाना और समाधान की दिशा में प्रयास करना ही पत्रकारिता का उद्देश्य है। इसी कड़ी में एक बुजुर्ग महिला की 20 साल पुरानी परेशानी को प्रशासन तक पहुंचाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आते दिखाई दे रहे हैं।
नोट: पोलखोल न्यूज़ द्वारा माता जी को एक पत्र दिया गया था, जिसमें हमारा संपर्क नंबर भी अंकित था। उनसे निवेदन किया गया था कि करेली तहसीलदार कार्यालय में होने वाली कार्रवाई और अधिकारियों से हुई चर्चा की जानकारी हमें अवश्य दें, ताकि हम यह सुनिश्चित कर सकें कि उनकी समस्या का समाधान हुआ है या नहीं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक माता जी की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया है।
पोलखोल न्यूज़ केवल यह जानना चाहता है कि वर्षों से लंबित उनका कार्य पूरा हुआ या नहीं, ताकि इस जनहित के मुद्दे का परिणाम भी जनता के सामने लाया जा सके।








