*6 माह की ट्रेनिंग में कमाल! 12 साल की अविका सिंह नेशनल के लिए क्वॉलिफाई, 10 मीटर एयर राइफल में हासिल किए 384 अंक*

जबलपुर। 18 सितम्बर 2026 मध्यप्रदेश की नन्हीं निशानेबाज और गन फॉर ग्लोरी जबलपुर की खिलाड़ी अविका सिंह ने निशानेबाजी के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। चंडीगढ़ में आयोजित हो रही जीवी मावलंकर निशानेबाजी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में अविका ने 400 में से 384 अंक हासिल कर राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए क्वॉलिफाई किया है।

अविका इससे पहले भी राज्य और स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने 2 टीम गोल्ड मेडल हासिल किए, जबकि इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल निशानेबाजी प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता।

महज 12 वर्ष की उम्र में अविका ने सिर्फ छह माह की ट्रेनिंग के दौरान जिला, संभाग और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। अब तक वह कुल 4 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल अपने नाम कर चुकी हैं।

अविका की इस उपलब्धि से उनके परिवार, प्रशिक्षकों और गन फॉर ग्लोरी जबलपुर से जुड़े खिलाड़ियों में उत्साह है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वॉलिफाई करना उनकी अब तक की मेहनत का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर! 20 सितम्बर 2026 नगर पालिका नरसिंहपुर द्वारा 20 सितम्बर रविवार को पॉलीथिन के उपयोग एवं गंदगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तंबाकू उत्पादों को पॉलीथिन में पैक कर बेचने वाले थोक एवं फुटकर व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका की टीम ने संबंधित दुकानों से पॉलीथिन में पैक किए गए तंबाकू उत्पादों को जब्त किया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना और पॉलीथिन के उपयोग को रोकना है। अधिकारियों ने व्यापारियों से नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की अपील की है।

error: Content is protected !!