नरसिंहपुर। 25 मई 2026 नरसिंहपुर पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सांभर के सींगों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वन्य प्राणी (सांभर) के 5 नग सींग जप्त किए गए हैं। आरोपी कथित रूप से इन सींगों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति वन्य प्राणी के अवशेष लेकर घूम रहा है और उन्हें बेचने की तैयारी में है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने प्रभावी योजना बनाकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमलाल पिता गुरुशरण ठाकुर (22 वर्ष), निवासी ग्राम बिछुआ कला, चौकी सिंहपुर, थाना स्टेशनगंज, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से सांभर के 5 नग सींग जप्त किए गए। कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर वस्तुओं का सत्यापन भी कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 39/51 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशनगंज निरीक्षक सौरभ पटेल, चौकी प्रभारी सिंहपुर उपनिरीक्षक संजय सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक नितिन श्रीवास्तव, आरक्षक यशराज, सैनिक अजय पटेल और सैनिक देवेश की सराहनीय भूमिका रही।








