*कॉलेज एडमिशन के बाद घूमने निकले थे, नर्मदा ने निगल ली दो जिंदगियां; बरमान में मातम!”*

नरसिंहपुर ! 12 जून 2026
नरसिंहपुर जिले के बरमान रेतघाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में नर्मदा नदी में डूबने से दो ममेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ऋतिक चड़ार (21) और अभिषेक चड़ार (21) के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक चड़ार अपनी बहन रिया का कॉलेज में दाखिला कराने करेली आया था। वहां उसका ममेरा भाई अभिषेक चड़ार भी उनके साथ हो गया। कॉलेज का काम पूरा होने के बाद तीनों बाइक से गुंदरई के लिए रवाना हुए। रास्ते में वे बरमान पहुंचे और रेतघाट की ओर चले गए।

बताया जा रहा है कि दीपेश्वर मंदिर के पास ऋतिक और अभिषेक नर्मदा नदी में नहाने के लिए उतरे, जबकि रिया नदी किनारे बैठी रही। इसी दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बहन को घटना की जानकारी तब तक नहीं हो सकी, जब तक दोनों पानी में समा नहीं गए।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने नदी के खतरनाक हिस्सों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!