*’समस्याएं दूर करो, नहीं तो आंदोलन होगा’-नगर पालिका के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन!*

नरसिंहपुर। 31 जुलाई 2026  शहर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर पालिका की कार्यप्रणाली और शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और उदासीनता के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर 7 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की मांग की।

पूर्व विधायक सुनील जायसवाल ने कहा कि विपक्ष होने के नाते कांग्रेस भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका की लापरवाही के कारण शहर का विकास प्रभावित हुआ है और नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जनपद अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत और ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष धनीराम पटेल ने कहा कि मुख्य मार्गों को छोड़ अधिकांश वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल है, जिससे गंदगी फैली हुई है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक पटेल ने शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था के लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया।

जिला सेवादल अध्यक्ष अतुल चौरसिया ने आरोप लगाया कि पूरे शहर में कचरे के ढेर लगे हैं और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से वे बजबजा रही हैं। वहीं, जिला एनएसयूआई अध्यक्ष ईशान राय ने कहा कि नगर पालिका की कार्यशैली से आम नागरिक परेशान हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता आशीष गुप्ता और अजय दुबे ने कहा कि यदि नगर पालिका के जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा पा रहे हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। पूर्व पार्षद अजय मालवीय ने भी नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों पर दायित्वों के निर्वहन में असफल रहने का आरोप लगाया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष रोहित पटैल ने कहा कि सीवर लाइन के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार हुआ है। इसके कारण सड़कें जर्जर हो गई हैं, जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने जल निकासी की समस्या और कई स्थानों पर जलभराव का भी मुद्दा उठाया।
पूर्व प्रवक्ता देवेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि कई वार्डों में लोगों को मिट्टी मिला पेयजल मिल रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। साथ ही शहर में आवारा पशुओं की समस्या भी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और शहर का कचरा वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के निवास पर एकत्रित कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!