नरसिंहपुर। 31 जुलाई 2026 जिले में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार सदस्यीय शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सगौरिया जैन मंदिर से चोरी हुई लगभग 100 वर्ष पुरानी भगवान की दो प्रतिमाएं और सिंहासन बरामद कर लिया है। साथ ही माता मंदिर लिलवानी से चोरी किया गया शंख रखने का पात्र, दान पेटी, श्रृंगार सामग्री, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और लोहे का कटर भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार पिछले लगभग 15 दिनों में करेली थाना क्षेत्र के सगौरिया जैन मंदिर, पलोहा थाना क्षेत्र के माता मंदिर लिलवानी तथा तेन्दूखेड़ा के खेरापति मंदिर में चोरी एवं चोरी के प्रयास की घटनाएं हुई थीं। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्हे सिंह उर्फ समसेर राजपूत, आकाश उर्फ छोटू राजपूत, ब्रजेश गौड़ और रोहित उर्फ कुट्टू कीर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने तीनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में शेष 16 प्राचीन प्रतिमाओं को शक्कर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। इन प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए विशेष सर्च अभियान जारी है।
पुलिस का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में वैज्ञानिक जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों का सफल खुलासा किया गया है।








