नरसिंहपुर। 19 जुलाई 2026 जिले में किसानों के साथ कथित रूप से खराब या अमानक मक्का बीज की बिक्री का मामला सामने आया है। कई किसानों ने महंगे दामों पर मक्का का बीज खरीदकर अपने खेतों में बोनी की, लेकिन बुवाई के कई दिन बीत जाने के बाद भी बीज का अंकुरण नहीं हुआ। इससे किसानों की पूरी लागत प्रभावित हो गई और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रभावित किसानों का कहना है कि अंकुरण नहीं होने के कारण उन्हें खेतों में दोबारा बखर चलवाना पड़ा। इससे न केवल बीज और बुवाई का खर्च डूब गया, बल्कि दोबारा खेती की तैयारी का अतिरिक्त बोझ भी उन पर आ गया। किसानों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग हरकत में आ गया है। गोटेगांव कृषि विभाग के अधिकारी आर. एन. त्रिपाठी ने बताया कि प्रभावित खेतों का सर्वे कराने और बीज के नमूनों की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि बीज नकली या अमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित बीज कंपनी और विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में किसान सर्वेंद्र पटेल (खमरिया) और शुभम अग्रवाल (चंद्रपुरा) ने अपनी समस्या और हुए नुकसान की जानकारी दी। वहीं, जैन ट्रेडिंग कंपनी के संचालक संजय जैन ने भी अपना पक्ष रखा।
अब किसानों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। यदि बीज की गुणवत्ता में गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो यह मामला जिले के कई किसानों को प्रभावित करने वाला बड़ा कृषि विवाद बन सकता है।








