नरसिंहपुर 19 जुलाई 2026 । मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार देर शाम जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी युवक जबलपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथीनाला वॉटरफॉल से लौटते समय सभी दोस्त इंदिरा नगर के पास नेशनल हाईवे किनारे रुके थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे सड़क किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाईवा (डंपर) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में छह युवक उसकी चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जबलपुर रेफर किया गया, जहां रास्ते में तीन अन्य युवकों ने भी दम तोड़ दिया। दो घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नोट: यह समाचार प्रारंभिक पुलिस सूत्रों एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।








