*जनसुनवाई में शिकायत के बाद भी नहीं मिली सुनवाई, पीड़ित ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार!*

नरसिंहपुर। 3 जून 2026  गाडरवारा तहसील अंतर्गत ग्राम चारगांव खुर्द गोटी टोरिया निवासी हेमराज चौधरी ने कलेक्टर नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर अपनी शिकायत पर सुनवाई न होने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है।

हेमराज चौधरी द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, उन्होंने पूर्व में वन विभाग गाडरवारा द्वारा की गई कार्रवाई, मानसिक प्रताड़ना, कथित धमकियों तथा उनके घर से जब्त किए गए दरवाजों के संबंध में जनसुनवाई में शिकायत प्रस्तुत की थी।

 

साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी लिखित आवेदन दिया गया था। उनका कहना है कि 5 मई 2026 को सुनवाई और कार्रवाई की उम्मीद थी, लेकिन अब तक उन्हें किसी प्रकार की संतोषजनक जानकारी या राहत नहीं मिली है।

 

आवेदक का दावा है कि जब्त किए गए दरवाजों की खरीद से संबंधित वैध बिल उनके पास उपलब्ध हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किए जाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर उचित ध्यान न दिए जाने के कारण उनका परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है।

हेमराज चौधरी ने आवेदन में उल्लेख किया है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। उन्होंने कलेक्टर से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत पर तत्काल सुनवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

 

फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!