नरसिंहपुर! 12 जून 2026
करकबेल स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान आरोपियों का मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर जुलूस भी निकाला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग एकत्रित हो गए।
पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल पर चोरी की पूरी वारदात को दोहरवाया और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपियों से जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि तेंदूखेड़ा क्षेत्र में हुई मंदिर चोरियों सहित कुल चार चोरी की वारदातों का कनेक्शन सामने आया है। हालांकि इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा अभी नहीं की गई है और जांच जारी है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार पुलिस आरोपियों को लेकर जैन मंदिर के सामने पहुंची, जहां चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की गई। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा।
मामले में कुछ देर में पुलिस जल्द ही प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। इसमें चोरी की वारदात, आरोपियों की भूमिका, बरामदगी और अन्य मामलों से जुड़े तथ्यों की जानकारी सामने आने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। आरोपियों द्वारा पूछताछ में बताए गए तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच पूर्ण होने के बाद ही हो सकेगी।
बने रहिए NSP पोलखोल न्यूज़ के साथ, हर अपडेट सबसे पहले।








