नरसिंहपुर ! 8 जुलाई 2026
खबर नंबर-1: किसानों का फूटा गुस्सा, 5 महीने से भुगतान का इंतजार
नरसिंहपुर जिले में उपज का भुगतान नहीं मिलने से परेशान करीब 150 किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है। किसानों का आरोप है कि उन्होंने अपनी उपज गोपाल एंड कंपनी और संबंधित व्यापारियों को बेची थी, लेकिन करीब 5 महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। किसानों का कहना है कि लगातार संपर्क के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं।
किसानों ने बताया कि एसडीएम द्वारा 7 दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो 15 जुलाई को ट्रैक्टरों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
खबर नंबर-2: नो-एंट्री से रेत-गिट्टी कारोबार प्रभावित होने का दावा
नरसिंहपुर जिले में स्टेट हाईवे क्रमांक-22 गाडरवारा-पिपरिया और स्टेट हाईवे क्रमांक-44 गाडरवारा-उदयपुरा मार्ग पर भारी वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों में चिंता बढ़ गई है।
सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक के कारण परिवहन प्रभावित होने की बात कही जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि गिट्टी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और परिवहन खर्च बढ़ रहा है। हालांकि ट्रांसपोर्टरों ने सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करते हुए व्यवस्था में संतुलन की मांग की है।
खबर नंबर-3: मुशरान वार्ड में जलभराव से लोग परेशान
नरसिंहपुर शहर के मुशरान वार्ड में बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आई है। स्थानीय दर्शक द्वारा भेजे गए वीडियो में सड़क पर गंदा पानी भरा दिखाई दे रहा है, जो कई घरों तक पहुंच गया है।
रहवासियों का कहना है कि नालियां जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। लोगों ने नगर पालिका से नाली सफाई, सड़क मरम्मत और बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
खबर नंबर-4: ट्रैक्टर हादसे में घायल मजदूर के परिजनों की गुहार
गाडरवारा तहसील के ग्राम खत्ता से ट्रैक्टर दुर्घटना का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि 15 अक्टूबर 2025 को ट्रैक्टर पर मजदूरी कर रहे सुजान चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिवार का कहना है कि इलाज में मदद का भरोसा मिलने के कारण उन्होंने तत्काल कार्रवाई नहीं की, लेकिन अब कई महीने बाद भी सहायता नहीं मिली। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबर नंबर-5: करेली में भूमि सीमा विवाद, स्थायी सीमांकन की मांग
नरसिंहपुर जिले के करेली तहसील क्षेत्र में भूमि सीमा विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम रमपुरा निवासी नारायण सिंह लोधी ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर राजस्व अधिकारियों पर सीमांकन में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि मकान तक जाने वाले रास्ते की स्थायी सीमा तय नहीं होने से वर्षों से विवाद बना हुआ है। उन्होंने खसरा नंबरों की सही माप कर स्थायी सीमांकन और समस्या के समाधान की मांग की है।








