नरसिंहपुर ! 1 अगस्त 2026
करेली। महेंद्र सिंह किलेदार वार्ड में 22 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। पूर्व जल सभापति एवं वार्ड पार्षद संगीता शर्मा ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और उपयोग किए जा रहे निर्माण सामग्री का निरीक्षण किया।
यह सड़क ओम बेकरी (नीखरा जी) से लेकर सोसाइटी के आगे तक लगभग 7 मीटर चौड़ाई में बनाई जा रही है। निर्माण कार्य में 53 ग्रेड ओपीसी सीमेंट, रोलर स्क्रीड तकनीक, 20 नंबर गिट्टी तथा बेस के ऊपर 8 इंच की मजबूत टॉप लेयर तैयार की जा रही है। सड़क निर्माण से पहले पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाया जा रहा है ताकि सड़क निर्धारित चौड़ाई में बन सके।
पार्षद संगीता शर्मा ने बताया कि इस सड़क का प्रस्ताव करीब तीन वर्ष पहले स्वीकृत कराया गया था, जिसका निर्माण अब शुरू हो गया है। सड़क बनने के बाद क्षेत्र के दो विद्यालयों के विद्यार्थियों, सोसाइटी के रहवासियों एवं वार्डवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।








