*रास्ते की बदहाली से परेशान जटलापुर के किसान, बच्चियों को भी दुर्गम रास्ते से जाना पड़ रहा स्कूल!*

नरसिंहपुर! 21 अगस्त 2026

गोटेगांव। तहसील के जटलापुर निवासी किसान हाकम सिंह एवं सम्मर सिंह लोधी खेत तक पहुंचने के रास्ते की समस्या से लंबे समय से परेशान हैं। किसानों के अनुसार खसरा नंबर 98/3, 98/4 और 98/5 में उनकी कुल 3.6130 हेक्टेयर जमीन है, लेकिन खेत तक पहुंचने के लिए पर्याप्त और सुगम रास्ता नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि खेत तक जाने वाला रास्ता कच्चा और काफी छोटा है। इस कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल और कृषि उपकरण ले जाने में दिक्कत होती है। रास्ते में नाला होने के कारण बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। ऐसी स्थिति में किसानों को दूसरे गांव से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।

किसानों ने बताया कि समस्या केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार के बच्चों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उनकी बच्चियां इसी दुर्गम रास्ते से स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान रास्ता खराब होने और नाले में पानी भरने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

हाकम सिंह और सम्मर सिंह लोधी का आरोप है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर तहसील स्तर से लेकर कलेक्टर तक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। किसानों का कहना है कि संबंधित पटवारी के समक्ष भी समस्या रखी गई, लेकिन उनकी समस्या पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर खेत तक पहुंचने के लिए उचित रास्ते की व्यवस्था कराई जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्यों के साथ-साथ बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन भी सुगम और सुरक्षित हो सके।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!