नरसिंहपुर। 18 अप्रैल 2026 जिले में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कथित लेनदेन विवाद अब और उलझता नजर आ रहा है। मामले में नया मोड़ तब आया जब शिकायत में नामजद एक युवक, जिम संचालक रोहित शर्मा सामने आए और खुद को ही इस पूरे मामले में पीड़ित बताया!
➡️ इस मामले में 16 अप्रैल को महिला सुनीता गोटे निवासी गया दत्त वार्ड द्वारा पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को शिकायत दी गई थी, जिसमें उनके द्वारा 10 लोगों पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था । इस मामले को लेकर पोलखोल द्वारा लगातार अपडेट भी सामने लाए जा रहे हैं।
➡️ इसी कड़ी में अब जिम संचालक रोहित शर्मा ने अपनी बात रखते हुए दावा किया है कि शिकायत में उनका नाम गलत तरीके से शामिल किया गया है, जबकि वे स्वयं इस मामले में फरियादी हैं। उन्होंने बताया कि सुनीता गोटे और उनके परिवार से उनके पिछले लगभग 6 वर्षों से पारिवारिक संबंध हैं और वे एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं!
➡️ रोहित शर्मा के अनुसार, करीब कथित तौर पर 2 वर्ष पूर्व उन्होंने अभिषेक टोप्पो को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 35 लाख रुपये दिए थे, जिनमें कुछ राशि नकद और कुछ ऑनलाइन माध्यम से दी गई थी। उनका आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो काफी प्रयासों के बाद केवल 5 लाख रुपये ही लौटाए गए, जबकि शेष राशि अब तक नहीं मिली। उल्टा, उनके और उनकी पत्नी का नाम शिकायत में शामिल कर दिया गया।
➡️ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में उनकी जिम में लगभग 20 लोगों का समूह पहुंचा, जिससे वे और उनका परिवार असहज और भयभीत महसूस कर रहे हैं। रोहित शर्मा ने बताया कि वे इस पूरे मामले में अपनी पत्नी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अलग से शिकायत दर्ज कराने जायेंगे !
➡️ वहीं, इस मामले में पहले से ही अन्य पक्षों द्वारा भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिए जा चुके हैं, जिससे विवाद अब दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने की स्थिति में पहुंच गया है।
➡️ पोलखोल न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट:
फिलहाल यह मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है और इसकी आधिकारिक पुष्टि व निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। दोनों पक्षों के दावों की सत्यता जांच का विषय है।








