नरसिंहपुर | विशेष रिपोर्ट 19 अप्रैल 2026
थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत कॉम्प्लेक्स के पास शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान में घुसकर पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
🗣️ प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव वार्ड इतवारा बाजार निवासी अविनाश उर्फ अनिल कतिया लगभग 5-6 युवकों के साथ मुरारी कहार की कन्फेक्शनरी दुकान पर पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मुरारी को पेट और हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि उनके बेटे के पैर में चाकू लगा। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
➡️ पीड़ित मुरारी कहार ने बताया कि आरोपी पिछले 7-8 महीनों से कथित तौर पर उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी झगड़ा हुआ था, जिसमें कथित रूप से पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए मुरारी और उनके बेटे पर ही मामला दर्ज किया था, यहां तक कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने शनिवार 18 अप्रैल शाम करीब पौने सात बजे हमला कर दिया।
➡️ घटना के दौरान आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और गल्ले में रखा नकद लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मुरारी स्वयं कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
👮♂️ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं?
👉 फिलहाल पुलिस आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: खबर पीड़ित के बयान पर आधारित है। पुलिस पुष्टि शेष है। युवती की पहचान गोपनीय रखी गई है।”








