नरसिंहपुर। 17 अक्टूबर 2026 ब्रह्माकुमारीज दिव्य संस्कार भवन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नरसिंहपुर में जिला संचालिका ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी जी के सानिध्य में चैतन्य देवियों की मनोहारी झांकी सजाई गई। झांकी में मां दुर्गा, मां सरस्वती सहित विभिन्न देवी स्वरूपों की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
झांकी में मां दुर्गा को सिंह पर विराजमान दर्शाया गया, वहीं मां सरस्वती को वीणा के साथ ज्ञान एवं विद्या की देवी के स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। अन्य देवी स्वरूपों की सुंदर सजावट ने भी परिसर की शोभा बढ़ाई। विशेष रूप से चैतन्य देवियों के रूप में सजी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी बहनें आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर पूरे परिसर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। झांकी के माध्यम से पवित्रता, शांति, प्रेम, ज्ञान और सकारात्मकता का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों को अपने जीवन में श्रेष्ठ संस्कार अपनाने तथा आध्यात्मिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी गई।
आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। देवी स्वरूपों की मनोहारी सजावट और आध्यात्मिक संदेश ने उपस्थित लोगों को सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी।
20 अक्टूबर तक कर सकेंगे दर्शन
ब्रह्माकुमारीज दिव्य संस्कार भवन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर में चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन 20 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक किए जा सकेंगे।
श्रद्धालु निर्धारित समय में पहुंचकर चैतन्य देवियों के दर्शन कर सकते हैं।








