*मंडी रोड से शातिर अंदाज में मोटरसाइकिल चोरी, दुकानदार और ग्राहकों को झांसा देकर ले उड़ा चोर!*

नरसिंहपुर। 11 जून 2026 स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के मंडी रोड स्थित कृषि उपकरण बाजार में एक शातिर चोर ने चकमा देकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी इतनी सफाई से लोगों के बीच घुलमिल गया कि दुकानदार और ग्राहक दोनों उसे एक-दूसरे का परिचित समझते रहे।

पीड़ित महेंद्र सेन ने बताया कि 5 जून की शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल मंडी रोड स्थित कृषि उपकरण की दुकान के सामने खड़ी की थी। उसी समय लखनादौन से कुछ ग्राहक कृषि सामग्री खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान गले में सफेद गमछा डाले एक व्यक्ति वहां मौजूद लोगों के बीच सामान्य रूप से घूमता रहा।

महेंद्र के मुताबिक, दुकानदार को लगा कि वह व्यक्ति ग्राहकों के साथ आया है, जबकि ग्राहकों को लगा कि वह दुकान का कर्मचारी या परिचित है। इसी भ्रम का फायदा उठाकर आरोपी ने मौका देखकर मोटरसाइकिल का लॉक खोला और वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना उस क्षेत्र की है जहां एग्रीकल्चर रोटावेटर, कल्टीवेटर और अन्य कृषि उपकरणों की कई दुकानें संचालित होती हैं। मोटरसाइकिल चोरी होने का पता चलते ही महेंद्र सेन ने पुलिस को सूचना दी।

मामले में स्टेशनगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा सफेद गमछा पहने संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर था, जिसने कुछ ही मिनटों में सभी का विश्वास जीतकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पोलखोल न्यूज़ की अपील है कि यदि किसी व्यक्ति को इस घटना या संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल स्टेशनगंज थाना पुलिस को सूचित करे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!