*ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी का खुलासा, 10 लाख रुपये की पूरी रकम वापस* *नरसिंहपुर पुलिस ने 4 दिन में सुलझाया मामला, नागपुर से दो आरोपी गिरफ्तार!*

नरसिंहपुर, 12  जून 2026। ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को नरसिंहपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ठगी गई पूरी राशि बरामद कर पीड़ित को वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार गाडरवारा के वल्लम मार्केट निवासी आशीष पटेल ने 4 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक पर दिखे एक विज्ञापन के माध्यम से उसे “PROX TREND” नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया गया।

आरोपियों के बहकावे में आकर उसने अलग-अलग किश्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई।

 

शिकायत मिलने के बाद थाना गाडरवारा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और थाना गाडरवारा की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नागपुर से गिरफ्तार किया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली नगर, नागपुर निवासी सूरज कुमार शाहू तथा भारत नगर, नागपुर निवासी परमानंद मिश्रा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी सूरज शाहू के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त पूरी 10 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली, जिसे नियमानुसार पीड़ित को वापस सौंप दिया गया।

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल या निकटतम पुलिस थाने में दें।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!