नरसिंहपुर बुलेटिन: अवैध रेत पर बड़ी कार्रवाई, महिला पर हमला, साइबर ठगी के आरोपी गिरफ्तार | 11 जून 2026

नरसिंहपुर ! 11 जून 2026

अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई नरसिंहपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने करेली और गोटेगांव क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। सांकल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत जब्त की गई है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

उधारी विवाद में महिला पर हमला, 10 हजार रुपए ले जाने का आरोप शहर के गणेश मंदिर के पास दुकान संचालित करने वाली महिला डालो बाई महोरिया पर कथित रूप से उधारी सामान देने से इनकार करने पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया और दुकान से करीब 10 हजार रुपए भी ले गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

नाबालिग ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया ठेमी थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी द्वारा कथित रूप से सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

 

 

शातिर चोर ने लोगों के बीच घुलमिल कर बाइक उड़ाई स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के मंडी रोड स्थित कृषि उपकरण बाजार में एक युवक ने ग्राहकों और दुकानदारों के बीच खुद को परिचित बताकर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। पूरी घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

 

10 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, पूरी रकम वापस ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को नरसिंहपुर पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित की पूरी रकम बरामद कर वापस दिला दी है। लोगों से संदिग्ध निवेश योजनाओं से सावधान रहने की अपील की गई है।

 

सोने की अंगूठी लेकर फरार हुए ठग गोटेगांव के बैलहाई रोड पर एक किराना व्यापारी को झांसे में लेकर ठगों ने उसकी सोने की अंगूठी गायब कर दी। आरोपी अंगूठी गल्ले में रखवाकर मौका मिलते ही उसे निकालकर बाइक से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

 

फिलहाल इतना ही। जिले और प्रदेश की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहिए पोलखोल न्यूज़ के साथ। नमस्कार।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!