*मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश: 7 वारदातों का खुलासा, ₹7 लाख की 11 बाइक बरामद!*

नरसिंहपुर।  14 सितम्बर 2026  जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत स्टेशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर मोटरसाइकिल चोरों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से करीब ₹7 लाख कीमत की 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 7 मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग, रात्रि गश्त तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। चोरी की घटनाओं में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन भी किया गया है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नरसिंहपुर अनोज गुप्ता एवं परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में स्टेशनगंज क्षेत्र में रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से संदिग्ध व्यक्तियों के घूमने की सूचना प्राप्त हुई।

 

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर अखिलेश रजक पिता हनुमत रजक, उम्र 33 वर्ष तथा टावल रजक पिता बालकिशन रजक, उम्र 52 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुड़िया, थाना स्टेशनगंज, को अभिरक्षा में लिया।

पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने थाना स्टेशनगंज क्षेत्र में 5 मोटरसाइकिल चोरी, जबकि थाना करेली एवं गाडरवारा क्षेत्र में 1-1 मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

 

पुलिस के अनुसार आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मोटरसाइकिल चोरों की गिरफ्तारी एवं चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी में थाना प्रभारी स्टेशनगंज सौरभ पटेल, उप निरीक्षक राहुल सोनकर, आरक्षक राहुल दुबे, योगेन्द्र सिंह, जयनारायण सेन, जितेन्द्र राणा, आसिफ खान एवं सैनिक राजेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!