नरसिंहपुर। 22 सितम्बर 2026 ग्राम झामर निवासी चरनलाल महोबिया ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन देकर ईंट भट्टा ठेकेदार पर परिवार सहित कराए गए काम की ₹1 लाख 15 हजार की शेष मजदूरी का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, अक्टूबर 2025 में चरनलाल व उसके परिवार ने ग्राम कुटोरी स्थित ईंट भट्टे पर ईंट बनाने का काम लिया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि करीब छह माह में परिवार ने 2 लाख 96 हजार 700 कच्ची ईंटें बनाई। तय दर ₹1,050 प्रति हजार के हिसाब से कुल मजदूरी ₹3 लाख 11 हजार 535 बताई गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार द्वारा अब तक करीब ₹2 लाख 15 हजार का भुगतान किया गया, जबकि ₹1 लाख 15 हजार शेष हैं। मजदूरी की राशि मांगने पर कथित रूप से टालमटोल करने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर बकाया मजदूरी दिलाने एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ भुगतान संबंधी हिसाब-किताब की कॉपी भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है!








