नरसिंहपुर | 25 मई 2026
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.28 ग्राम अवैध स्मैक जब्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में चौकी सिंहपुर एवं थाना स्टेशनगंज पुलिस ने क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम को नवलगांव-रानीपिपरिया चौराहे के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध मादक पदार्थ के सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोहित ठाकुर निवासी मगरधा थाना स्टेशनगंज तथा नवीन बानगात्री निवासी रोसरा थाना स्टेशनगंज शामिल हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पटेल, उप निरीक्षक संजय सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर, आरक्षक नंदकिशोर, दिलीप, अंकित, इमरत एवं महिला आरक्षक कुमुद पाठक की सराहनीय भूमिका रही।








