नरसिंहपुर ! 23 जुलाई 2026
शहर के राम मंदिर के पास गुरुवार सुबह मेन रोड पर स्थित एक जर्जर मकान अचानक भर भराकर गिर गया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहा एक छोटा बच्चा इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे से कुछ ही क्षण पहले एक स्कूल ऑटो वहां से गुजरा था। ऑटो चालक की सतर्कता और समय पर वाहन निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि ऑटो में 8 से 10 स्कूली बच्चे सवार थे। यदि मकान कुछ सेकंड पहले गिरता, तो ऑटो इसकी चपेट में आ सकता था और गंभीर जनहानि हो सकती थी।
जानकारी के मुताबिक, यह मकान कुछ दिन पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित कर चिन्हित किया गया था। इसके बावजूद समय रहते इसे हटाया नहीं गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ऐसे जर्जर भवनों को तत्काल हटाने की मांग की है।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने शहर में जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








