सोनीपत (हरियाणा)। 7 जून 2026 कुंडली स्थित श्री अग्रसेन धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘विकसित भारत 2047’ का भव्य विमोचन किया गया। समारोह में समाज, उद्योग, शिक्षा एवं मीडिया जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक अतुल सिंघल, श्री अग्रसेन धाम के प्रधान राजेंद्र अग्रवाल, मिनटेज स्टील के निदेशक एवं उद्योगपति राजीव बंसल, टीकाराम मित्तल, पवन अग्रवाल, विकास मंगला, राज कुमार जिंदल, अनिल गोयल, रश्मि सिंघल, दीपक मंगला एवं दीपक मित्तल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन की विशेष उपस्थिति भी रही।
लेखक अतुल सिंघल ने बताया कि पुस्तक की सामग्री नमो इंपैक्ट टीवी पर प्रसारित विभिन्न साक्षात्कारों के विश्लेषण पर आधारित है। पुस्तक का प्रकाशन हिंदी, अंग्रेजी और स्पेनिश भाषाओं में किया गया है, जिससे इसकी पहुंच अंतरराष्ट्रीय स्तर तक सुनिश्चित हो सके।
पुस्तक की प्रस्तावना राजदूत अशोक सज्जनहार ने लिखी है। इसमें न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह, तरुण कपूर, प्रो. जगदीश मुखी, विनीत कुमार गुप्ता लोहिया, श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल सहित 70 से अधिक प्रतिष्ठित व्यक्तियों के विचारों को स्थान दिया गया है।
गौरतलब है कि अतुल सिंघल इससे पूर्व ‘नमो इंपैक्ट: राष्ट्र प्रथम’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ जैसी चर्चित पुस्तकों का प्रकाशन कर चुके हैं। ‘विकसित भारत 2047’ भारत की विकास यात्रा, उपलब्धियों और वैश्विक पहचान को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में समाज की सहभागिता और सकारात्मक सोच की आवश्यकता पर बल दिया।








