नरसिंहपुर!तेंदूखेड़ा। 22 अगस्त 2026 रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर की बुकिंग के बीच 45 दिनों की समय सीमा निर्धारित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जहां शहरी क्षेत्रों में करीब 25 दिनों में गैस सिलेंडर बुक करने की व्यवस्था है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समय सीमा निर्धारित होना विसंगतिपूर्ण है। तेंदूखेड़ा नगर परिषद क्षेत्र में आता है, लेकिन गैस वितरण व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्र के अनुसार होने के कारण यहां भी उपभोक्ताओं को 45 दिनों की समय सीमा का सामना करना पड़ रहा है।
महिला उपभोक्ताओं का कहना है कि श्रावण सहित आगामी त्योहारों के दौरान घरों में पकवान और व्यंजन अधिक बनाए जाते हैं तथा रिश्तेदारों का आना-जाना भी बढ़ जाता है। ऐसे में रसोई गैस की खपत सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक होती है। उनका कहना है कि कई परिवारों में सिलेंडर 20 से 25 दिनों में ही खत्म हो जाता है, लेकिन 45 दिन की बुकिंग अवधि के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं ने मांग की है कि त्योहारों को देखते हुए गैस सिलेंडर की बुकिंग समय सीमा में तत्काल बदलाव किया जाए और 20 से 25 दिनों के भीतर दोबारा बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।








