*चक्कर खाकर मौत या सुनियोजित कत्ल? पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला बड़ा राज!*

नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के कमोद गांव में 30 वर्षीय दुर्गा बाई की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या के सनसनीखेज खुलासे में बदल गया। प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने महिला की मौत चक्कर खाकर गिरने से होना बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को हुई इस घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच में पुलिस को मृतका के पति भवानी और उसकी रिस्ते की ननद कथित संलिप्तता के संकेत मिले। पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे और मृतका को इसकी जानकारी होने के कारण घर में विवाद होता था। इसी कारण महिला की हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रसोई में अकेला पाकर दुर्गा बाई का गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गोटेगांव पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी साक्ष्य न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!