*”चीचली में ठेला हटाने पर विवाद, नगर परिषद पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप”!*

नरसिंहपुर! चीचली, नरसिंहपुर। 22 जुलाई 2026 नगर परिषद चीचली द्वारा एक चाऊमीन ठेला हटाने की कार्रवाई विवादों में घिर गई है। ठेला संचालक सूरज कहार ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विकास बागमरे पर अभद्र व्यवहार, भेदभावपूर्ण कार्रवाई और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना ठेला हटाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने गाडरवारा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को नगर परिषद की टीम जेसीबी और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची और चाऊमीन का ठेला हटाने की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई से संबंधित नोटिस, आदेश या अन्य दस्तावेज दिखाने का अनुरोध किया, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थिति को देखते हुए डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के अनुसार, पुलिस के पहुंचने पर भी नगर परिषद के कर्मचारी तत्काल कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद भी ठेला अपने कब्जे में लेकर हटा दिया गया।

सूरज कहार का आरोप है कि ठेले में व्यवसाय से संबंधित सामग्री के अलावा नकदी, एक चांदी की चेन और दो सोने की अंगूठियां रखी थीं, जो ठेला ले जाने के साथ चली गईं। उनका कहना है कि इन सामानों की जब्ती या सुपुर्दगी का कोई पंचनामा अथवा सूची उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर परिषद क्षेत्र में अन्य स्थानों पर समान प्रकार के अतिक्रमण होने के बावजूद उनके विरुद्ध ही कार्रवाई की गई, जिससे भेदभावपूर्ण रवैये की आशंका उत्पन्न होती है।
शिकायत में एसडीएम से मांग की गई है कि कार्रवाई से पूर्व वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं, इसकी जांच कराई जाए। साथ ही आदेश, नोटिस, जब्ती सूची और अन्य अभिलेख उपलब्ध कराए जाएं, कथित रूप से गायब सामान की जांच कर उसे वापस दिलाया जाए तथा यदि किसी अधिकारी द्वारा मनमानी या शक्ति के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की भी मांग की है।

फिलहाल यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। नगर परिषद चीचली अथवा संबंधित अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!