*पुरुषोत्तम मास व्रत महोत्सव में ज्ञान-भक्ति की अमृतवर्षा, विविध आध्यात्मिक कार्यक्रम जारी!*

नरसिंहपुर। 7 जून 2026
जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम नयाखेड़ा (गरगटा) स्थित श्री देव मुरलीधर जी मंदिर लोक न्यास समिति एवं क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में देवधाम वाटिका में चल रहे पुरुषोत्तम मास व्रत महोत्सव के अंतर्गत 17 मई से 14 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक संगीतमय श्रीराम कथा एवं श्रीमद्भागवत पुराण का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

 

आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 17 मई से 23 मई तक मानस पियूषा सुश्री आस्था दुबे (जबलपुर) तथा 24 मई से 31 मई तक मानस मंजरी सुश्री आस्था गोस्वामी (झांसी) द्वारा ज्ञानामृतमय कथा व प्रवचन प्रस्तुत किए गए।

इसके पश्चात 01 जून से 07 जून तक राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता पं० वैभव भटेले (भोपाल) ने अपने प्रवचनों में ज्ञान, भक्ति और विज्ञान के समन्वय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान और आत्म-निरीक्षण से मस्तिष्क के वे भाग सक्रिय होते हैं जो संवेदनशीलता और सामाजिक समझ को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानार्जन और आध्यात्मिक साधना का संयोजन मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालता है तथा समाज में करुणा, सहानुभूति और सहिष्णुता को बढ़ावा देता है।

उन्होंने यह भी कहा कि ईश्वर प्राप्ति का मार्ग ज्ञान और भक्ति के समन्वय से ही स्पष्ट होता है, जो मनुष्य को आत्मपरिवर्तन एवं ईश्वरीय अनुभूति की ओर अग्रसर करता है।

08 जून से 14 जून तक साध्वी बालसंत  शत्रुघनदास जी राधे-राधे भरकेश्वरधाम (अशोकनगर) द्वारा श्रीमद्भागवत कथा की अमृतवर्षा की जाएगी।

 

कार्यक्रम का समापन 15 जून सोमवती अमावस्या के अवसर पर कन्याभोजन एवं सामूहिक भंडारा (महाप्रसादी) के साथ किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, सह-अस्तित्व और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं सत्संग में सहभागिता कर रहे हैं तथा सामूहिक रूप से अध्ययन एवं साधना का संकल्प ले रहे हैं।

आयोजन समिति श्री देव मुरलीधर जी मंदिर लोक न्यास समिति नयाखेड़ा के मार्गदर्शन में सर्वराहकार डॉ. स्वामी सर्वानंद चैतन्य के सानिध्य में मोहन सिंह पटेल, ठाकुर इमरत सिंह राजपूत, मदन गोपाल लोधी, बेनीसिंह लोधी, ठाकुर राहुल राजपूत, नीलेश पटेल, चतुर सिंह पटेल सहित अन्य ग्रामीणजन आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से शेष कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!