नरसिंहपुर। 7 जून 2026 मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान लगभग 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. स्वाति मीना सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया सहित करीब 50 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
अधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए नागरिकों से भी समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित और मानव सेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता है।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक मनोरमा बघेल, सूबेदार लाखन बघेल, सूबेदार प्रियंक सराठिया, सूबेदार पुष्पराज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















