नरसिंहपुर ! 7 अगस्त 2026
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म एवं हत्या के जघन्य मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गांव और जंगल क्षेत्र में रातभर सघन सर्च अभियान चलाया गया।
तकनीकी साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 एवं 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3(1), 5(एम) और 6 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की विवेचना विशेष जांच दल (SIT) की निगरानी में प्राथमिकता के आधार पर जारी है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत कर आरोपी को कठोर दंड दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
नरसिंहपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति दोहराते हुए नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या निकटतम पुलिस थाने को दें। साथ ही पुलिस ने लोगों से नाबालिग पीड़ितों की पहचान सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर साझा न करने का भी अनुरोध किया है।








