नरसिंहपुर । 14 सितम्बर 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में चलेगा। इसी को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में राज्यसभा सांसद माया नारौलिया ने प्रेस वार्ता कर अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
राज्यसभा सांसद माया नारौलिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि यह अभियान केवल पार्टी का कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने।
अभियान के दौरान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर ‘सेवा दिवस’, रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वच्छता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में चित्रकारी, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, ‘सेवा-अनकही कहानियां’, आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, आवास, स्वच्छता, राशन, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और देश के विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इन उपलब्धियों और आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों की वास्तविक कहानियों को भी अभियान के माध्यम से जनता के सामने लाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पं. रामस्नेही पाठक, पूर्व राज्यमंत्री एवं तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्योति काकोडिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
देखिए, आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर राज्यसभा सांसद माया नारौलिया ने प्रेस वार्ता में क्या कुछ कहा- पोलखोल की इस खास रिपोर्ट में।








