नरसिंहपुर। 2 अगस्त 2026 जिले के थाना सुआतला क्षेत्र के इंद्रानगर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर 19 जुलाई 2026 को हुए बहुचर्चित हाईवा हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी आनंद पटेल का सहयोग करने वाले आरोपी प्रीतम पिता पुन्नू बर्मन (35 वर्ष), निवासी बेलखेड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़े 6-7 लोगों को टक्कर मार दी थी। इस घटना में राजेंद्र पटैल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक घायल का उपचार अभी भी जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की। विवेचना में सामने आया कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी, बल्कि इसे दुर्घटना का रूप देकर सुनियोजित हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी आनंद पटेल का सहयोग करने के लिए प्रीतम बर्मन दूसरी लेन में एक अन्य हाईवा लेकर मौजूद था। यदि मृतक और उसके साथी दूसरी लेन की ओर आते, तो उन्हें वहां भी टक्कर मारने की तैयारी थी।
पुलिस ने प्रभावी घेराबंदी और दबिश देकर आरोपी प्रीतम बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 103, 109, 249(क), 61(2)(क) एवं 238(क) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी भी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








