*25 जुलाई की 5 बड़ी खबरें: किसानों को ई-टोकन राहत, हाथीनाला मौत कांड का खुलासा, बरमान चौकी विवाद, स्कूल वाहनों पर कार्रवाई!*

नरसिंहपुर ! 25 जुलाई 2026

1. किसानों के लिए राहत की खबर
नरसिंहपुर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। उर्वरक वितरण के लिए ई-टोकन बनवाने में आ रही समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है।

कलेक्टर  रजनी सिंह के निर्देश पर अब पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, समिति प्रबंधक, समिति ऑपरेटर, कृषि विस्तार अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी किसानों को ई-टोकन बुक कराने में सहयोग करेंगे। प्रशासन का कहना है कि कोई भी पात्र किसान ई-टोकन से वंचित नहीं रहेगा और उर्वरक वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाएगा।

 

2. हाथीनाला हाईवे मौत कांड का सनसनीखेज खुलासा
19 जुलाई को सुआतला थाना क्षेत्र के हाथीनाला के पास हुए भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन विवेचना में यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली।
घटनास्थल पर मिला अंग्रेजी अक्षर “A” का टूटा मोनोग्राम जांच की अहम कड़ी बना। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जंगल में छिपा हाईवा बरामद किया।

जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते मृतक की पहले रेकी कराई गई और फिर दो हाईवा डंपरों की मदद से वारदात को अंजाम देकर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। मामले में मुख्य आरोपी आनंद पटैल सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर हाईवा, थार, फॉर्च्यूनर और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

3. बरमान चौकी पुलिस पर लापरवाही के आरोप
बरमान चौकी क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं।

मृतका के पति का आरोप है कि उनकी पत्नी 23 जुलाई से लापता थी। पुलिस पूछताछ के बाद 25 जुलाई की सुबह महिला चौकी पहुंची, जहां उसे सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैठाए रखा गया। परिजनों का कहना है कि इस दौरान महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय पर उपचार नहीं कराया गया। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा। इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल ये आरोप मृतका के पति द्वारा लगाए गए हैं।

4. स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।

कलेक्टर  रजनी सिंह के मार्गदर्शन में जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढ़पाल ने करेली क्षेत्र के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो स्कूल वाहनों में फिटनेस और बीमा संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया।

इसके बाद एक वाहन पर ₹6,000 और दूसरे पर ₹5,000 का चालान किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में खुशी की लहर बांटी मिठाईयां

नरसिंहपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे  को लेकर नरसिंहपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में  खुशी जाहिर की शहर के सुभाष पार्क में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर मिठाइयां बांटी और खुशी जाहिर की।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया, ताकी दोबारा ऐसा कृत्य ना हो!

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!