नरसिंहपुर। 15 जुलाई 2026 जिले के चंद्रपुरा गांव के एक किसान ने मक्का बीज की गुणवत्ता को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का कहना है कि महंगे दामों में खरीदे गए बीज का अंकुरण नहीं होने से उसकी पूरी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर गया।
चंद्रपुरा निवासी किसान शुभम अग्रवाल ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने गोटेगांव स्थित जैन ट्रेडिंग कंपनी, श्रीधाम से वायर कंपनी का डिलाव 9126 मक्का बीज खरीदा था। किसान के अनुसार 10 एकड़ भूमि में बुवाई के लिए उन्होंने 14 पैकेट बीज 26 हजार 600 रुपये में खरीदे, लेकिन बुवाई के बाद बीज का सही अंकुरण नहीं हुआ।
किसान ने आरोप लगाया कि खराब बीज के कारण उसे करीब 4 लाख 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसान का कहना है कि मामले की जानकारी दुकानदार को देने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई प्रतिनिधि खेत का निरीक्षण करने नहीं पहुंचा।
अब किसान ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, खेत का सर्वे करवाने, दोषी बीज विक्रेता और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
वहीं, किसान की शिकायत के बाद अब कृषि विभाग और प्रशासन की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।








