नरसिंहपुर। 7 जुलाई 2026 खरीफ सीजन में खाद-बीज की कमी और किसानों की समस्याओं को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के जिला सचिव जगदीश पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य सचिवमंडल की बैठक बादल सरोज की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें 16 जुलाई दोपहर 12 बजे से 17 जुलाई दोपहर 12 बजे तक प्रदेशभर में 24 घंटे की भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया गया।
माकपा का कहना है कि मानसून में देरी के कारण किसान पहले से ही चिंता में हैं, वहीं खाद-बीज की कमी, कालाबाजारी और नकली खाद-बीज की आशंका ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी योजना नहीं बनाई है।
नरसिंहपुर जिले में होने वाली भूख हड़ताल में राज्य सचिवमंडल सदस्य एवं जिला प्रभारी बादल सरोज भी शामिल रहेंगे। आंदोलन के दौरान जिले में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, टोकन प्रणाली समाप्त कर किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने, मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने तथा किसानों को बिना कटौती प्रतिदिन 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई जाएगी।
पार्टी के अनुसार भूख हड़ताल के समापन पर आमसभा आयोजित कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन के लिए जिले में शीघ्र बैठक कर भूख हड़ताल का स्थल तय किया जाएगा।








